दो प्रतिष्ठानों में खाद्य कारोबार बंद, 650 खराब अंडे समेत बड़ी मात्रा में खाद्य सामग्री नष्ट
UP अनकट डिजिटल,कानपुर नगर।जिलाधिकारी कानपुर नगर के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने रविवार को अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य सामग्री तैयार करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की। सहायक आयुक्त खाद्य के आदेश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने रेल बाजार क्षेत्र के दो प्रतिष्ठानों और 562 डी लाइट हाता स्थित शेरखान क्लाउड किचन का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान तीनों प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के कुल 15 नमूने संग्रहित किए गए। गंभीर खामियां मिलने पर दो प्रतिष्ठानों में खाद्य कारोबार तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया। वहीं, करीब 650 खराब अंडे, एग करी, पैक्ड प्लेट और 418 तैयार समोसे समेत बड़ी मात्रा में खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई।

सड़क किनारे तैयार हो रहे थे समोसे
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने फेथफुलगंज, रेल बाजार स्थित मेसर्स अंबर ट्रेडर्स एवं जनरल सप्लायर, 138 फेथफुलगंज का निरीक्षण किया। यहां प्रतिष्ठान के मुख्य प्रवेश द्वार के पास गली में सड़क किनारे समोसे तैयार किए जा रहे थे।
निरीक्षण में निर्माण स्थल का फर्श टूटा हुआ मिला, जिसमें पानी भरा था। दीवारों के स्थान पर लगी टिन की चादरों पर धूल और चिकनाई की मोटी परत जमा थी। प्रदूषण की रोकथाम के लिए एग्जॉस्ट फैन की व्यवस्था भी नहीं मिली। अधिकारियों के अनुसार, निर्माण स्थल की स्वच्छता व्यवस्था बेहद खराब थी।
प्रतिष्ठान संचालक पेस्ट कंट्रोल और किचन की सफाई से संबंधित रिकॉर्ड भी प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके अलावा खाद्य निर्माण में लगे कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र और आवश्यक दस्तावेज मौके पर नहीं मिले। कर्मचारी ग्लव्स और हेड कवर के बिना खाद्य सामग्री तैयार कर रहे थे।
टीम ने खुले मैदा, पिसी लाल मिर्च, नमक, समोसा निर्माण के लिए तैयार सब्जी, सोयाबीन, खुले रिफाइंड ऑयल और तैयार समोसे के कुल सात नमूने लिए। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के अनुरूप स्वच्छता व्यवस्था नहीं मिलने पर खाद्य कारोबार स्थगित कर दिया गया। साथ ही, बिक्री और मानव उपभोग के लिए रखे करीब 218 तैयार समोसे मौके पर ही नष्ट कराए गए।
क्लाउड किचन में मिलीं गंभीर खामियां
टीम ने 562 डी लाइट हाता स्थित शेरखान क्लाउड किचन का भी निरीक्षण किया। यहां से पैक्ड अचार, आटा, तैयार चावल और एग करी के चार नमूने संग्रहित किए गए।
किचन की अस्वच्छ स्थिति को देखते हुए खाद्य कारोबार तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया। संचालक को निर्देश दिए गए कि प्रतिष्ठान में मरम्मत और आवश्यक सुधार कराने के बाद विभाग को सूचित करे। विभाग की अनुमति और निरीक्षण के बाद ही दोबारा खाद्य कारोबार शुरू करने को कहा गयाकार्रवाई के दौरान क्लाउड किचन में करीब 40 किलोग्राम एग करी नष्ट कराई गई, जिसकी अनुमानित कीमत 4,800 रुपये बताई गई। इसके अलावा करीब 6,500 रुपये कीमत के 650 खराब अंडे भी नष्ट कराए गए। अस्वच्छ परिस्थितियों में तैयार एग करी और चावल की 250 पैक्ड प्लेटें, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 12,500 रुपये थी, भी नष्ट कराई गईं।
एसए इंटरप्राइजेज के किचन में भी मिली गंदगी
रेल बाजार स्थित एसए इंटरप्राइजेज के किचन में भी गंदगी और अस्वच्छ परिस्थितियां पाई गईं। टीम ने यहां से समोसा, मैदा, गरम मसाला और नमक के चार नमूने लिए।निरीक्षण के दौरान मौके पर तैयार करीब 200 समोसे नष्ट कराए गए, जिनकी अनुमानित कीमत दो हजार रुपये बताई गई। प्रतिष्ठान में मिली कमियों के आधार पर सुधार सूचना जारी करने की संस्तुति की गई है।
खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा संजय प्रताप सिंह ने कहा कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के साथ-साथ उनके निर्माण और भंडारण स्थल पर स्वच्छता के मानकों का पालन करना भी अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि जहां गंभीर अस्वच्छ परिस्थितियां मिलीं, वहां खाद्य कारोबार बंद कराया गया और मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई।उन्होंने खाद्य कारोबारकर्ताओं को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि नियमों की अनदेखी मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।















